देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तराखण्ड में केदारनाथ धाम और यात्रा मार्ग पर फंसे तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए दूसरे दिन भी राहत और बचाव अभियान जारी रहा। अब तक 6000 से ज्यादा श्रद्धालुओं को सकुशल रेस्क्यू किया गया है।
केदारनाथ धाम में फंसे तीर्थयात्रियों को रेस्क्यू करने के लिए भारतीय सेना के चिनूक और एमआई-17 हेलिकॉप्टर की मदद भी ली गई।
एनडीआरफ, एसडीआरफ और पुलिस की मदद से पैदल रेस्क्यू अभियान लगातार जारी रहा। अभी करीब 500 श्रद्धालुओं का और रेस्क्यू किया जाना बाकी है। सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
आज चलाए गए बचाव अभियान में 1500 लोगों को पैदल मार्गों से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और चार हेलीकॉप्टर के जरिए करीब छह सौ तीर्थयात्रियों को यात्रा मार्ग से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
वर्षा और भूस्खलन के कारण केदारनाथ यात्रा अगले आदेश तक रोकी गई है। मौसम विभाग ने कल चमोली और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।



