लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर उफान पर, केदारनाथ हाइवे पर बनी सुरंग क्षतिग्रस्त.

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): पिथौरागढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण धारचूला में काली नदी का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया है। काली नदी चेतावनी स्तर 889 मीटर से ऊपर 889.40 मीटर पहुंच गया है। प्रशासन ने नदी के पास रहने वाले लोगों को नदी के किनारों से दूर रहने को कहा है।

वहीं रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ और केदारघाटी को जोड़ने वाली पुरानी सुरंग के बाहरी तरफ भूस्खलन हुआ है। देर रात से हो रही बारिश के कारण संगम बाजार की तरफ सुरंग के ऊपरी वाले हिस्से से मलबा और पत्थर गिरे, जिस कारण यातायात बाधित हो गया है। हालांकि वाहनों की बाईपास के रास्ते आवाजाही सुचारू है।

इस बीच, राज्य के विभिन्न हिस्सों में पिछले चार दिनों से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन कुमाऊं क्षेत्र में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही राज्य के अन्य हिस्सों में भी वर्षा का पूर्वानुमान जताया गया है।