देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने देहरादून के आंगनवाड़ी केंद्र कोटी भानियावाला में ‘‘हरेला महोत्सव-एक पेड़ मां के नाम’’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उन्होंने अपनी मां के नाम पर रुद्राक्ष का पौधा लगाया।
इस अवसर पर में कुल 100 पौधे का रोपण किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने पौड़ी जिले के कोटद्वार में सभी विभागीय अधिकारियों और स्थानीय जनता के साथ बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर हरेला पर्व मनाया। इस बीच हरिद्वार जिले में सभी सरकारी और गैर सरकारी विभागों द्वारा वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया।
लोकपर्व हरेला पर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने प्रदेशवासियों से विशेषकर युवाओं से वृक्षारोपण की अपील की।



