देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के मेला नियंत्रण कक्ष भवन में कावड़ मेले की तैयारी को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाए साथ ही मिश्रित आबादी क्षेत्र में पुलिस की पुख्ता तैनाती की जाए तथा मेला क्षेत्र में ड्रोन से नजर रखी जाए।
उन्होंने मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी सुविधाओं को पूरी तरह से दुरुस्त कर लिया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि घाट पर स्वच्छता एवं लाइट आदि की पूरी व्यवस्था हो। यातायात प्रबंधन पर भी विशेष रूप से ध्यान दिया जाए साथ ही अप्रिय घटना से बचाव के लिए घाटों पर एसडीआरएफ की तैनाती की जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड़ यात्रियों के लिए कांवड़ पटरी पर मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की जाए। हमारी सरकार सुरक्षित, सुगम एवं भव्य कांवड़ यात्रा के लिए पूरी तरह से संकल्पित है। पिछले वर्ष 4 करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगा जल लेने के लिए हरिद्वार पहुंचे थे, इस साल यह आंकड़ा और अधिक बढ़ सकता है। हमारी सरकार सभी शिव भक्तों की कांवड़ यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे, सचिव शैलेश बगोली, DGP अभिनव कुमार, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन मौजूद रहे।



