Loksabha election 2024: लोकसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार आज शाम 5 बजे समाप्त हो गया। इस चरण में 17 राज्यों और चार केन्द्रशासित प्रदेशों के 102 निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार को वोट डाले जाएंगे।
अरूणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, नागालैण्ड, सिक्किम, अण्डमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, पुद्दुचेरी, उत्तराखण्ड और तमिलनाडु में सभी लोकसभा सीटों के लिए इसी चरण में मतदान होगा।
राजस्थान की 12, उत्तरप्रदेश की 8, मध्यप्रदेश की 6, उत्तराखंड, असम और महाराष्ट्र की 5-5, बिहार की चार, पश्चिम बंगाल की तीन, मणिपुर की दो और छत्तीसगढ, त्रिपुरा और जम्मू कश्मीर की एक-एक सीट के लिए भी पहले चरण में मतदान होगा।
प्रमुख राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक आज शाम तक प्रचार में जुटे रहे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक में मंड्या में जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तरप्रदेश में गाजियाबाद में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सहारनपुर में रोड शो किया। भाजपा नेता निर्मला सीतारामन ने मिजोरम में आइजोल में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के अलावा अरूणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा के चुनाव भी एक ही चरण में शुक्रवार को होंगे।
अरूणाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार आज शाम पांच बजे समाप्त हो गया। विधानसभा चुनाव में भाजपा साठ में से 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी है। इनमें मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उप-मुख्यमंत्री चाउना मेन की सीटें भी शामिल है। अब 50 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा। राज्य में लोकसभा की दो सीटे हैं।
तमिलनाडु की सभी 39 लोकसभा सीटों पर भी मतदान शुक्रवार को होगा। राजस्थान में भाजपा, कांग्रेस, बसपा, सीपीआईएम दलों के वरिष्ठ नेता और निर्दलीय उम्मीदवारों ने प्रचार के अंतिम दिन आज अपनी पूरी ताकत झोंक दी।



