केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के 7वें दिन केदारपुरी में पहुंचे दो लाख के करीब श्रद्धालु.

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2024 कपाट खुलने के सातवें दिन केदारपुरी में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या दो लाख के करीब पहुंच गई है। गुरुवार शाम तक रिकॉर्ड 1,83,677 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। 

यात्रा मार्ग के मुख्य पड़ाव फाटा से लेकर सीतापुर एवं सोनप्रयाग तक कुछ स्थानों पर सिंगल लेन और बॉटल नेक होने के चलते पुलिस ने रोस्टर से बारी-बारी दोनों तरफ से ट्रैफिक संचालन की व्यवस्था बनाई है। कई श्रद्धालु नियमों का उल्लंघन करते हुए यातायात व्यवस्था बाधित कर रहे हैं। 

ऐसे में पूरी यात्रा प्रभावित हो रही है। अचानक पैदा हुई स्थिति को काबू में करने के लिए जिलाधिकारी सौरभ गहरवार एवं पुलिस अधीक्षक डाॅ. विशाखा अशोक भदाणे ने ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को फील्ड में उतारते हुए जाम की स्थिति पर काबू पाया। 

देर रात जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग आशीष घिल्डियाल के साथ स्वयं मौके पर पहुँचकर कुंड से सोनप्रयाग तक यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते हुए बाधित यातायात को सुचारू करवाया। 

इससे पहले पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल खुद गुप्तकाशी, फाटा, शेरसी, बड़ासू से लेकर सोनप्रयाग के बीच यातायात सुचारू करने में जुटे रहे। यात्रियों ने पुलिस एवं प्रशासन के मैनेजमेंट की तारीफ करते हुए कहा कि जाम से जल्द राहत मिलना बड़ी बात है जाम से निजात दिलाने के लिए इस वर्ष जनपद में 11 नई पार्किंग विकसित की गई हैं। जहां 460 वाहनों की पार्किंग हो सकती है। 

वहीं, सीतापुर व सोनप्रयाग की बड़ी पार्किंग मिलाकर 1500 से अधिक वाहनों की पार्किंग यात्रा मार्ग पर उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन द्वारा अगस्त्यमुनि मैदान को भी बैकअप पार्किंग के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। 

मुख्य पार्किंग फुल होने पर बड़े वाहनों को अगस्त्यमुनि मैदान में पार्क कर यहां से शटल सेवा के माध्यम से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, सभी पार्किंग की क्षमता व जगह की जानकारी ऑनलाइन से जिला प्रशासन द्वारा विकसित एक एप के जरिए लगातार अपडेट हो रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपेक्षा है कि यात्रा निजी के बजाय शटल वाहनों के माध्यम से करें।