देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु खुराना ने मंगलवार को सभी एआरओ, नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की बैठक ली।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन कार्यो से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को त्रुटि रहित, समयबद्वता के साथ सुनिश्चित किया जाए। सभी एआरओ अपने सेक्टर पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाते हुए वनरेवल एवं क्रिटिकल मतदेय स्थलों की मैपिंग सुनिश्चित करें।
मतदेय स्थलों पर सभी मूलभूत सुविधाएं बहाल की जाए। पिछले लोकसभा चुनाव जिन मतदेय स्थलों पर 50 प्रतिशत से कम मतदान हुआ है, वहां पर बाहर निवास करने वाले परिवारों से संपर्क करते हुए मतदान के लिए प्रेरित किया जाए। पोलिंग पार्टियों के बूथ तक जाने और वापसी के लिए प्लान तैयार किया जाए। ऐसे नागरिक जिनको 18 वर्ष पूर्ण हो गए है, उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए।



