देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर में 2217 करोड़ की कुल 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में उत्कृष्ट बुनियादी ढांचा तैयार करने के उद्देश्य से न केवल सड़कों और राजमार्गों का काम चल रहा है, बल्कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग 87 पर दीवारों का भी निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बागेश्वर जिले में सरयू और गोमदी नदी पर दो पुलों की मरम्मत का कार्य भी 5 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से न केवल पर्यटकों को लाभ होगा बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी आवागमन आसान हो जाएगा।
इस अवसर मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास करने पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के विधायक के रूप में मैंने इन योजनाओं के भूमि पूजन का जो स्वप्न देखा था वह स्वप्न आज पूर्ण हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करना हमारी प्राथमिकता है। हम निरंतर इस दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। हमारी सड़कें विकास की द्योतक हैं, ये वो पथ है जिस पर आगे बढ़कर सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड का स्वप्न साकार होगा।
राज्य में NHAI व लोक निर्माण विभाग द्वारा मिलकर अनेक परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमनें चार धाम सड़क परियोजना की तरह मानसखंड कॉरिडोर को भी राज्य का फ्लैगशिप प्रोजेक्ट तय कर इस पर कार्य करना प्रारंभ कर दिया है।
हम प्रदेश में केवल नए मार्गों का ही निर्माण नहीं कर रहे हैं बल्कि इन पर आवाजाही को सुरक्षित करने पर भी कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, सांसद अजय टम्टा, विधायक काशीपुर त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा प्रदेश मंत्री हेमा जोशी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



