उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत सीएम धामी ने डीबीटी के जरिए ट्रांसफर की छात्रवृत्ति .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के प्रथम चरण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 241 विद्यार्थियों के खाते में DBT के माध्यम से 33 लाख 51 हजार की धनराशि ट्रांसफर की। 

राज्य के विश्वविद्यालय परिसरों एवं सरकारी कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश करने वाले छात्र-छात्राओं को यह धनराशि दी गई। योजना के तहत मेरिट में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान वाले छात्रों को क्रमशः तीन हजार, दो हजार एवं 1500 की मासिक छात्रवृत्ति दी जाती है।

मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना से लाभान्वित होने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस योजना को शुरू करने का मुख्य उद्देश्य सामान्य परिवारों के छात्र-छात्राओं की प्रतिभाओं को आगे लाना है। 

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परिश्रम और धैर्य बनाकर जीवन में आगे बढ़ें। हमें अपने जीवन में कौन सा क्षेत्र चुनना है, कॉलेज में आने के बाद ही इसकी दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इतिहास बनाया है, वे कठिन परिस्थितियों से गुजरे हैं। 

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है, जहां मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत टॉपर बच्चों को छात्रवृत्ति की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य हुए हैं।