उत्तराखण्ड के बदरीनाथ, हेमकुण्ड साहिब, औली और जोशीमठ समेत उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फ़बारी, बढ़ी ठण्डक .

देहरादून। उत्तराखण्ड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से राज्य में ठण्डक बढ़ गई है। चमोली में बदरीनाथ, हेमकुण्ड साहिब, औली और जोशीमठ में ताज़ा हिमपात हुआ है। वहीं उत्तरकाशी के हर्षिल और गंगोत्री में भी बर्फबारी हुई है। उधर, बागेश्वर के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भी बर्फबारी की खबर मिल रही है। 

राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों के ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी के कारण ठण्ड में बढ़ोतरी हुई है। बर्फबारी के चलते उत्तराखण्ड के पर्वतीय अंचलों में पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ गई है। 

चमोली जिले के औली और उत्तरकाशी के हर्षिल में बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम सामान्य बने रहने का अनुमान व्यक्त किया है। हालांकि, विभाग ने राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पाला पड़ने की संभावना जताई है।