कुमाऊं विवि ने कई परीक्षाओं के परिणाम किए घोषित, 15 दिसंबर तक ले सकते हैं प्रवेश .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): कुमाऊं विश्वविद्यालय ने परीक्षा सत्र 2023 में पंजीकृत विद्यार्थियों के विभिन्न परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इसमें बीए एलएलबी के चौथे व 8वें और 2 वर्षीय एमबीए के चौथे सेमेस्टर के साथ ही एमएससी फूड टेक्नोलॉजी के दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाओं के परिणाम शामिल हैं। 

इसके अलावा एमएससी माइक्रो बायलॉजी और एमएससी बायो टेक्नोलॉजी के दूसरे सेमेस्टर की व्यवसायिक परीक्षाओं के पंजीकृत परीक्षार्थियों के परिणाम भी घोषित कर दिए हैं। 

परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट केयूएनटीएल डॉट नेट पर लॉगइन करके अथवा अपने परिसर या महाविद्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। वहीं विश्वविद्यायल ने बीएड के पाठ्यक्रम-2023 में प्रवेश के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को ऑनलाइन काउंसिलिंग के माध्यम से महाविद्यालयों या संस्थानों का आवंटन कर दिया है। 

यह जानकारी देते हुए कुलसचिव दिनेश चंद्रा ने बताया कि अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से अपने आवंटन डाउनलोड कर 15 दिसंबर तक प्रवेश ले सकते हैं।