देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देहरादून के वन अनुसंधान संस्थान,FRI में दो दिवसीय उत्तराखंड वैश्विक निवेशक सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य उत्तराखण्ड को निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि उत्तराखंड वैश्विक निवेशक सम्मेलन प्रदेश में निवेश करने के लिए एक स्वर्णिम अवसर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में सड़क, रेल, और हवाई क्षेत्र का तेजी से विकास हुआ है, जिससे उद्योग समूहों को राज्य में निवेश करने में आसानी होगी।
PM मोदी ने पर्यटन क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड में निवेश के लिए पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने देशवासियों से बाहरी देशों में विवाह कार्यक्रम का आयोजन न कर देश में विवाह करने का आह्वान करते हुए उत्तराखंड को डेस्टिनेशन वैडिंग के रूप में स्थापित करने को कहा।
मोदी ने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय, देश में स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को मजबूत करने का समय है। उन्होंने कहा कि देश में निर्यात को बढ़ाने और आयात को घटाने पर ध्यान केंद्रित करना होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके तीसरे कार्यकाल में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन कर उभरेगा। मोदी ने निवेशकों से देश के विकास के लिये क्षमता निर्माण पर सहयोग देने को कहा।

उन्होंने निवेशकों से उत्तराखंड में निवेश कर राज्य के विकास में सहयोगी बनने की अपील की। मोदी ने आशा जताई की उद्योग समूह राज्य की निवेशक हितैषी नीतियों का फायदा उठाकर उत्तराखंड में ज्यादा से ज्यादा निवेश करेंगे।
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने राज्य की महिला स्वयं सहायता समूहों के हाउज़ ऑफ हिमालयाज़ ब्रॉड को भी लांच किया। उन्होंने कहा कि इस ब्रांड से 2 करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति बनाने का काम तेजी से पूरा होगा।
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने रोड शो किया, जिसमें स्थानीय महिलाओं द्वारा उनका पारम्परिक वेशभूषा में स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री ने वैश्विक निवेशक सम्मेलन के संबंध में आयोजित एक प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस सम्मेलन में देश-विदेश से हजारों की संख्या में निवेशक और उद्योग समूह हिस्सा ले रहे हैं।
#UttarakhandGlobalInvestorsSummit,,,,



