सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों वीडियो आया सामने, सभी को सुरक्षित निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है। सुरंग के धंसे हुए भाग में फंसे मजदूरों से बचाव दल ने एंडोस्कोपिक फ्लैक्सी कैमरा के जरिए बातचीत कर उनका हालचाल जाना। सभी मजदूर सुरक्षित बताए जा रहे हैं। 

अंतरराष्ट्रीय सुरंग और भूमिगत स्थल एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्नोल्ड डिक्स घटनास्थल पर मौजूद हैं और उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाल लिया जाएगा। 

राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड के निदेशक मनीष खलखो ने बताया कि सुरंग के भीतर 6 इंच का एक 53 मीटर लंबा पाइप के ब्रेकथ्रू होने से अब श्रमिकों तक खाना, पानी और अन्य जरूरी सामाग्री आसानी से पहुंचायी जा सकेगी। श्रमिकों से वॉकी-टॉकी के जरिए बात की जा रही है, उन्हें खाना पहुंचाया जा रहा है। 

इसके अलावा घटनास्थल पर कई योजनाओं पर राहत व बचाव अभियान जारी है। साथ ही घटनास्थल पर वर्टिकल ड्रिलिंग मशीन भी पहुंच गई है। इस मशीन के जरिए सुरंग के ऊपरी हिस्से से छेद कर श्रमिकों को रेस्क्यू करने की योजना है।