देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिसम्बर में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अधिक से अधिक निवेशकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आज दुबई पहुंचे, जहां दुबई एयरपोर्ट पर प्रवासी भारतीयों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने समस्त प्रवासी भारतीयों का आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिसंबर महीने में देहरादून में आयोजित होने वाले उत्तराखंड वैश्विक निवेशक सम्मेलन में निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए एक उच्च स्तरीय दल के साथ आज संयुक्त अरब अमीरात की तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए ।

मुख्यमंत्री कल दुबई में कई औद्योगिक समूहों के साथ बैठक करेंगे और शाम को एक रोड शो में हिस्सा लेंगे। अबू धाबी में 18 अक्टूबर को धामी अबू धाबी चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ बैठक करने के अलावा मुख्यमंत्री इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के सेमिनार को भी संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री ‘इन्वेस्ट इन उत्तराखण्ड’ अभियान के तहत संयुक्त अरब अमीरात में उद्योगपतियों एवं प्रवासी भारतीयों से मिलेंगे और उत्तराखण्ड में निवेश की संभावनाओं पर आयोजित बैठकों में प्रतिभाग करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ ही योग, आध्यात्मिक की भी भूमि है। उत्तराखण्ड देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है।

उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि हमारी जड़े उत्तराखण्ड से जुड़ी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों का आह्वान करते हुए कहा कि वह साल में एक बार अपने प्रदेश उत्तराखण्ड ज़रूर आएँ। इससे उनकी भावी पीढ़ी को भी अपनी मातृभूमि से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अपने अप्रवासी भाई-बहनों और उत्तराखण्ड सरकार के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करने तथा उनके निवेश प्रस्तावों पर त्वरित कार्यवाही करने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में एक उत्तराखण्ड अप्रवासी सेल बनाया गया है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।
#InvestInUttarakhand,#UKGIS2023,,



