Asian Games: चीन के हांगचाओ में पैरा एशियाई खेलों में भारत ने अब तक 29 स्वर्ण, 31 रजत और 51 कांस्य सहित 111 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है। इससे पहले भारत ने इंडोनेशिया में वर्ष 2018 में आयोजित पैरा एशियाई खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 72 पदक जीते थे।
आज दिलीप गावित ने पुरुषों की टी-47 400 मीटर दौड़ स्पर्धा में 49.48 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, महिलाओं की शतरंज बी-1 श्रेणी स्पर्धा में संस्कृति, हिमानी और वृति ने कांस्य पदक जीता।
पीआर-3 मिक्स्ड डबल्स स्कल्स नौकायन प्रतियोगिता में भारत की नारायण और अनिता की जोड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुषों की एफ-55 भाला फेंक स्पर्धा में नीरज यादव ने 33.69 मीटर की दूरी तक भाला फेंक कर स्वर्ण पदक जीता और पैरा एशियाई खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। इसी स्पर्धा में टेक चंद ने कांस्य पदक अपने नाम किया। महिलाओं की 1500 मीटर टी-20 स्पर्धा में पूजा ने कांस्य पदक हासिल किया।
आज भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 12 पदक जीते, जिसमें चार स्वर्ण, दो रजत और छह कांस्य पदक शामिल हैं। एशियाई पैरा खेलों का समापन समारोह आज शाम हांगचोओ में है।
#AsianParaGames,,



