देहरादून/नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के विकास में उनके मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को केदारनाथ और बदरीनाथ धाम का प्रसाद, गंगा तुलसी, गंगोत्री, यमुनोत्री,अलकनंदा और मंदाकिनी के गंगाजल के साथ रुद्राक्ष की माला भी भेंट की।
डेढ़ घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराते हुए कहा कि रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे हैं।
उन्होंने जोशीमठ में राहत कार्यों की जानकारी भी दी। प्रधानमंत्री ने जोशीमठ के संदर्भ में केंद्र सरकार से हर संभव सहयोग के प्रति आश्वस्त किया। वहीं, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से आगामी अक्टूबर या नवम्बर में राज्य में प्रस्तावित निवेशक सम्मेलन के उद्घाटन के लिए समय दिए जाने का अनुरोध भी किया।
वहीं मानसखण्ड के अन्तर्गत जागेश्वर धाम, आदि कैलाश, पार्वती सरोवर, ओम पर्वत के दर्शन, लोहाघाट में मायावाती आश्रम की यात्रा के साथ ही सीमान्त जनपद पिथौरागढ़ में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के लिए भी समय देने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 5 वर्षों में राज्य के सकल घरेलू उत्पाद को 5.5 लाख करोड़ करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अनेक योजनाओं के संदर्भ में प्रधानमंत्री को जानकारी दी।
#PmNarendraModi,#CMPushkarsinghdhami,,,



