देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): रुद्रप्रयाग जनपद के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने केदारनाथ धाम में दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम में पल-पल मौसम खराब होने से बारिश और बर्फबारी हो रही है।
ऐसे में उन्होंने केदारनाथ धाम में दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालुओं से अपनी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने का निवेदन किया है। उन्होंने तीर्थ यात्रियों से अपील की है कि मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार ही अपनी यात्रा प्रारंभ करें और बारिश और ठंड से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में गरम कपड़े अनिवार्य रूप से साथ में लाएं ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी और असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा मार्ग में स्वास्थ्य संबंधी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। यात्रा प्रारंभ करने या यात्रा के दौरान स्वास्थ्य बिगड़ने पर यात्रा मार्ग पर बनाए गए चिकित्सा केंद्रों पर मौजूद चिकित्सकों से परामर्श लें और अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति के लिए जिला आपदा परिचालन और यात्रा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर- 0136--4233727, टोल फ्री नंबर-1077, मोबाइल नंबर-8958757335 पर संपर्क कर सकते हैं।
#Kedarnathamyatra,,,



