कोविड संक्रमण से निपटने को लेकर मॉक ड्रिल, मंत्री धन सिंह रावत ने कोविड वार्ड का किया निरीक्षण .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): कोविड संक्रमण से निपटने की तैयारियों को जानने के लिए आज से देशभर में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दो दिन तक मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। 

राजधानी देहरादून स्थित कोरोनेशन जिला अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत की उपस्थिति में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट, आईसीयू और कोविड वार्ड का निरीक्षण किया। 

इसके साथ ही अधिकारियों से दवाओं की आपूर्ति, स्टॉक, मैन पॉवर से संबधित जानकारी ली। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुये राज्य सरकार अलर्ट मोड पर है। 

इसके तहत कोरोना जांच और वैक्सीनेशन अभियान में तेजी लाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये गये है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना महामारी की स्थिति नियंत्रण में है और राज्य सरकार किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिये पूरी तरह से तैयार है।