सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी से की मुलाकात, राज्य और राष्ट्रीय मार्गों के निर्माण के संबंध में की चर्चा .

देहरादून(हिल न्यूज़ लाइव): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने देहरादून-दिल्ली एलीवेटेड रोड के निर्माण में तेजी लाए जाने पर केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। साथ ही देहरादून-टिहरी टनल के निर्माण की डीपीआर में भी शीघ्रता की अपेक्षा की। मुख्यमंत्री ने उनसे उत्तराखंड में राज्य एवं राष्ट्रीय मार्गों के निर्माण के सम्बन्ध में चर्चा की। 

उन्होंने गडकरी से राज्य सरकार की ओर से केंद्र सरकार को भेजे गए प्रस्तावों को मंजूरी देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने छह राज्य मार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की सैद्धान्तिक स्वीकृति प्रदान की थी, जिसकी स्वीकृति की प्रतीक्षा है। इन राजमार्गों में खैरना-रानीखेत मार्ग, बुआखाल-देवप्रयाग मार्ग, देवप्रयाग-गजा- खाड़ी मार्ग, पाण्डुखाल-नागचुलाखाल-बैजरों मार्ग, बिहारीगढ़-रोशनाबाद मार्ग और लक्ष्मणझूला - दुगड्डा-रानीखेत मार्ग शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 189 किलोमीटर के काठगोदाम-भीमताल धानाचूली- मोरनोला- खेतीखान - लोहाघाट-पंचेश्वर मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में अधिसूचित करने  का भी मुख्यमंत्री ने अनुरोध किया।